नई दिल्ली: शेयर मार्केट में सोमवार को 2200 अंक से ज्यादा की गिरावट के बीच सोने और चांदी के दाम भी गिर गए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1929 रुपए गिरकर 89,085 रुपए प्रति तोले पर आ गया। दिन के कारोबार में इसमें 2600 रुपए से ज्यादा की गिरावट थी, जिसमें बाद में करीब 700 रिकवरी हुई। इसके अलावा सोमवार को एक किलो चांदी की कीमत 2,518 रुपए गिरकर 90,392 रुपए प्रति किलो हो गई है। इसमें भी करीब 1400 रुपए की रिकवरी हुई है। इससे पहले चांदी का भाव 92,910 प्रति किलो था।
वहीं 28 मार्च को चांदी ने 1,00,934 रुपए और तीन अप्रैल को सोने ने 91,205 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था। आने वाले दिनों में गिरावट का रुख बरकरार रह सकता है।