बिलासपुर: बिलासपुर के बंदला में सीएटी ग्रेड-2 अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का रविवार को आगाज़ हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने अंतराष्ट्रीय चैपिंयनशिप का शुभारंभ किया। चैंपियनशिप में एयरफोर्स सहित अन्य देशों के पायलट भाग ले रहे हैं। पायलट ने पैराग्लाइडिंग साइट बंदला से उड़ान भरी। वहीं, यह फ्लाइट करने के बाद पायलट गोबिंदसागर झील किनारे लैंड कर रहे हैं। 27 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाडिंग चैपिंयनशिप का आयोजन किया जाएगा। ईराक, श्रीलंका, यूएई, नेपाल, कजाकिस्तान, साउथ कोरिया, सऊदी अरब और मंगोलिया के पायलट ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करवाया हुआ है।
बंदला पैराग्लाइडिंग साइट विश्व की तीन मुख्य एक्रो साइट में से एक है। एक्रो पैराग्लाइडिंग में पायलट आसमान में पैराग्लाइडर के साथ कई तरह के करतब करते हैं। साइट से टेकऑफ करने के बाद पायलट झील के ऊपर कई तरह की अठखेलियां करते हैं। गोबिंदसागर झील होने के चलते यह साइट एक्रो के लिए सबसे बेहतर है।
विजेता को आकर्षक इनाम
अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप दो वर्गों में होगी। इसमें व्यक्तिगत ओवरऑल पैराग्लाइडिंग और टीम ओवरऑल पैराग्लाइडिंग इवेंट होंगे। दोनों वर्गों में पहले स्थान के लिए एक लाख, दूसरे स्थान के लिए 75 हजार और तीसरे स्थान के लिए 50 हजार रुपए ईनाम राशि दी जाएगी। चैंपियनशिप में इंटरनेशनल जज कजाकिस्तान से बिलासपुर पहुंचे हैं।