पांगी: हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महिलाओं को खुश कर दिया है। चंबा के दुर्गम क्षेत्र पांगी में हिमाचल दिवस पर पहली बार राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पांगी क्षेत्र की 2200 से ज्यादा महिलाओं के लिए 1500-1500 रुपए देने की घोषणा की। 1500 रुपए की तीन किश्तें एक साथ दी जाएंगी। इसके अलावा सीएम ने कहा कि इस साल सरकार 25 हजार युवाओं को रोजगार देगी। सीएम ने पांगी को हिमाचल प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती का सब डिवीजन बनाने की भी घोषणा की। सीएम ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों की संपत्ति को गिराया जाएगा। सीएम सुक्खू ने स्थापना दिवस की पूर्व संध्या जनजातीय क्षेत्र के लोगों के बीच बिताई। वह प्रदेश की स्थापना के 77वर्षों के सफर में आज तक हिमाचल दिवस से पूर्व संध्या पर ट्राइबल क्षेत्र पांगी में रुकने वाले पहले सीएम बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
हिमाचल दिवस की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को हिमाचल दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। श्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास की इस यात्रा में आपका स्नेह, सहयोग और विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आपकी भागीदारी से ही राज्य आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जनकल्याण के लिए हमारी सरकार की योजनाएँ हर व्यक्ति तक पहुँच रही हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल दिवस के इस अवसर पर हम सब मिलकर प्रदेश को सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेंगे।