नारायणगढ़ (सुशील कुमार): आज सम्राट विक्रमादित्य द्वारा स्थापित विक्रम संवत का 2082वां वर्ष शुरू हुआ है। यह वर्ष धूमधाम से मनाया जाए। सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों व नारायणगढ़ से तनाव समाप्त हो और पुनः सुख - शांति और खुशियों का राज हो।
यह बात पूर्व राज्य सूचना आयुक्त एवं श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति और जीयो गीता परिवार के अध्यक्ष अशोक मेहता ने कही। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की प्रेरणा से
श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति और जीयो गीता परिवार के सदस्यों द्वारा आज हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2082 एवं चैत्र नवरात्रि पर क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि एवं तनाव समाप्त करने के लिए नगर खेड़ा नारायणगढ़ में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया।
अशोक मेहरा ने चैत्र नवरात्रि और हिन्दू नव वर्ष ‘‘विक्रम संवत्-2082’’ की क्षेत्रवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी । साथ ही कहा कि नवरात्र का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है। नवरात्रि के पावन दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना हमें शक्ति, धैर्य और उत्साह प्रदान करती है। यह दिव्य पर्व श्रद्धा, भक्ति और शक्ति की आराधना का प्रतीक है,जो जीवन में नई ऊर्जा, सुख, समृद्धि और हर्षोल्लास का संचार करता है। उन्होंने कामना की कि नव संवत्सर में सभी का जीवन नई आशाओं, उल्लास और उमंग से परिपूर्ण हो। उन्होंने मां दुर्गा से समस्त क्षेत्रवासियों के लिए नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सफलता के साथ ही उत्तम स्वास्थ्य की कामना की ।
संस्था द्वारा करवाए गए हवन यज्ञ में शहरवासियों द्वारा आहुतियां डालीं गईं। इसके पश्चात हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति और जीयो गीता परिवार के महासचिव सुरिंदर बिंदल, कैशियर देवेंद्र मेहता, अश्वनी सिंघल, मुकेश गुप्ता, संयुक्त सचिव रवि शर्मा, रविंदर शर्मा, देव राज शर्मा, विजय अग्रवाल,गगन तायल, सुभाष राणा, योगेश शर्मा, यश पाल ढींगरा, सुदेश गुप्ता, ओम प्रकाश पाल, तरसेम कौशिक, लक्की जैसल आदि मौजूद थे।