शिमला : हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड द्वारा आयोजित 46वीं अखिल भारतीय विद्युत कंट्रोल बोर्ड कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन सांयकालीन सत्र में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम 'हिम विद्युत सांस्कृतिक संध्या' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर से आए खिलाड़ियों को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना था। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड खेल एसोसिएशन के प्रैस सचिव अनुराग पराशर ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुरोध किया कि वे हिमाचल के अनुभवों को अपने-अपने प्रदेशों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम की शुरूआत अशोक भारद्वाज की नाटी से हुई, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद कुमारी एकाग्रता ठाकुर का गीत और तनवी शर्मा का पहाड़ी नृत्य दर्शकों को खूब पसंद आया। विद्युत बोर्ड मुख्यालय की सांस्कृतिक टीम ने गिद्दा प्रस्तुत किया, जबकि आकाश दम सेठ ने अपने गीतों से सबका मन मोह लिया। राकेश कुमार ने हंसी का दौर चलाया, प्रेम नेगी और मास्टर रिशान वर्मा के गीत व नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उल्लेखनीय है कि मास्टर रिशान वर्मा राष्ट्रीय स्तर की कई डांस प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। पल्लू रांटा ने भी अपने गीतों से सभी का मन जीता। अंत में सिटी मंडल द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य ने समां बांध दिया और दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर बोर्ड खेल संगठन के उप प्रधान ई.एमजी शर्मा, महासचिव राकेश ठाकुर, आयोजन सचिव लोकेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।