मुंबई। पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ की जिस समय से घोषणा की गई है, इसने सुर्खियां बटोरी हैं। दुर्भाग्य से इसे पहलगाम अटैक से जोड़ा जा रहा है। इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान ही इसका कारण हैं। भारतीय समाज का एक हिस्सा ऐसा है, जो नहीं चाहता कि फवाद भारतीय स्क्रीन पर वापस आएं और अब पहलगाम हमले के बाद मामला और भी बदतर हो गया है। इन सबके बीच यह घोषणा की गई है कि फवाद खान की ‘अबीर गुलाल’ को भारत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। भारत में ‘अबीर गुलाल’ की रिलीज को रोकने का फैसला कला और राजनीति के बीच के संबंध को दिखाता है, खासकर हाल की दुखद घटनाओं के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है। जहां एक ओर राष्ट्र पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए शोक मना रहा है।
वहीं दूसरी ओर फिल्म में फवाद खान की भागीदारी को लेकर आक्रोश फैला हुआ है। बता दें कि पहले ये फिल्म नौ मई को थिएटर में रिलीज के लिए तैयार थी। पहलगाम हमले पर फवाद खान ने भी शोक जताया था और कहा कि हिंसा का वह अमानवीय कृत्य जिसने 26 लोगों की जान ले ली और पहलगाम को टुकड़ों में तोड़ दिया, इसने सभी को दुख और पीड़ा की स्थिति में छोड़ दिया। फवाद खान ने अपना गहरा दुख जताते हुए इस हमले को ‘भयानक’ बताया।