शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में स्थापित की जाएगी। प्रतिमा का अनावरण 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मोत्सव पर होगा। इस प्रतिमा का निर्माण राजा वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन करेगी। फाऊंडेशन का पंजीकरण राज्य स्तर पर किया गया है। यह बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री एवं राजा वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रतिमा लगाने को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
ट्रस्ट वहन करेगा प्रतिमा के निर्माण का पूरा खर्च
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह राज्य के हर लोगों के साथ जुड़े थे, इसलिए प्रदेश के लोग स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर उनकी प्रतिमा में योगदान देना चाहते थे। इसलिए प्रतिमा के निर्माण का पूरा खर्च ट्रस्ट वहन करेगा। 23 जून को प्रतिमा के अनावरण के मौके पर सी.एम. सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सभी दलों के नेताओं व लोगों को बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाऊंडेशन में वर्तमान में 4 लोगों को ट्रस्टी बनाया गया है तथा आने वाले दिनों में प्रदेश के हर क्षेत्र से विख्यात लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक संस्था नहीं है। इसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ेंगे, क्योंकि वीरभद्र सिंह ऐसे व्यक्ति थे, जिनके प्रदेश के हर समाज व हर वर्ग के लोगों के साथ मधुर संबंध थे।
हर क्षेत्र के विख्यात लोगों को वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन से जोड़ा जाएगा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन से राज्य के हर क्षेत्र तथा हर कोने के विख्यात लोगों को जोड़ा जाएगा। फाऊंडेशन की जल्द बैठक कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने विख्यात व अन्य लोगों से फाऊंडेशन के साथ जुड़ने व लोगों के हित में कार्य करने के लिए सुझाव देने का आग्रह किया। फाऊंडेशन के माध्यम से शिक्षा प्रणाली व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।