भारतीय मूल की डॉ. मुमताज पटेल को यूनाइटेड किंगडम की रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन (RCP) का नया अध्यक्ष चुना गया है। यह संस्था 16वीं सदी से चली आ रही है और चिकित्सा शिक्षा व नेतृत्व के क्षेत्र में दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं में से एक मानी जाती है। डॉ. पटेल इस संस्था की 123वीं अध्यक्ष बनी हैं। इसके साथ ही वे पहली इंडो-एशियन मुस्लिम महिला और महज पांचवीं महिला अध्यक्ष हैं जिन्होंने यह ऐतिहासिक जिम्मेदारी संभाली है।
RCP क्या है और इसका महत्व क्या है?
रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन यूनाइटेड किंगडम की एक बेहद सम्मानित संस्था है जो डॉक्टरों के ट्रेनिंग, मेडिकल शिक्षा और पेशेवर विकास को दिशा देती है। इसकी स्थापना 1518 में हुई थी। यह संस्था इंग्लैंड और दुनियाभर में स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता और डॉक्टरों की योग्यता सुनिश्चित करती है।
कहां से हैं डॉ. पटेल और उनका बैकग्राउंड क्या है?
डॉ. मुमताज पटेल का जन्म इंग्लैंड के लंकाशायर में हुआ था, लेकिन उनके माता-पिता भारत से थे। यानी वे प्रवासी भारतीय मूल की बेटी हैं।
उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में अपने 20 वर्षों के करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। डॉ. पटेल मेडिकल ट्रेनिंग, मूल्यांकन, स्वास्थ्य नीति और लीडरशिप में बेहतरीन अनुभव रखती हैं।
संस्था को फिर से विश्वास का प्रतीक बनाऊंगी
डॉ. मुमताज पटेल ने RCP की अध्यक्ष बनने के बाद कहा— “मैं इस संस्था को उसका सर्वश्रेष्ठ स्वरूप देने के लिए काम करूंगी ताकि हम अपने सदस्यों को करियर के हर स्तर पर बेहतर समर्थन दे सकें और हमारे मरीज़ों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।” उन्होंने आगे कहा कि वे अपने 20 वर्षों के अनुभव, मूल्यों और समर्पण के आधार पर नेतृत्व करेंगी।
पहले भी निभा चुकी हैं कई अहम भूमिकाएं
डॉ. पटेल इससे पहले RCP में सीनियर सेंसर और वाइस प्रेसिडेंट - एजुकेशन एंड ट्रेनिंग के तौर पर कार्य कर चुकी हैं। वे जून 2024 से संस्था की एक्टिंग प्रेसिडेंट भी रह चुकी हैं।
अब एक स्थायी प्रेसिडेंट के रूप में वे RCP काउंसिल की अध्यक्षता करेंगी और बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की सदस्य भी होंगी।
शिक्षा और प्रशिक्षण में मजबूत पकड़
डॉ. मुमताज पटेल NHS इंग्लैंड में पोस्ट-ग्रेजुएट एसोसिएट डीन के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने यूके और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई लीडरशिप और मेडिकल ट्रेनिंग प्रोग्राम डिजाइन किए हैं।
उनका फोकस हमेशा मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और भविष्य की पीढ़ी के डॉक्टरों को सशक्त बनाने पर रहा है।
मेडिकल समुदाय में खुशी और उम्मीद
RCP के रेजिडेंट डॉक्टर कमिटी के चेयर डॉ. एंथनी मार्टिनेली और डॉ. कैथरीन रोवन ने कहा कि वे डॉ. पटेल के साथ मिलकर काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं, ताकि युवा डॉक्टरों को बेहतर मार्गदर्शन और समर्थन मिल सके। वहीं ब्रिटिश जेरियाट्रिक्स सोसाइटी के प्रेसिडेंट प्रोफेसर जगदीप धेसी ने कहा कि, "डॉ. पटेल के सामने बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि आने वाले समय में अधिकतर मरीज बुज़ुर्ग होंगे, जिन्हें समग्र और संवेदनशील देखभाल की जरूरत होगी।"