मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अंबेडकर जयंती की रैली में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हिंगोना खुर्द गांव में कल देर रात के इस मामले में डीजे की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष के लोगों ने रैली में भाग लेकर लौट रहे लोगों पर गोलीबारी कर दी, जिससे एक युवक संजय पिप्पल की गोली लगने से वहीं मौत हो गई। एक युवक रानू दोनेरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को मुरैना के जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया है। युवक की मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने आज यहां बताया कि घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक की हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में पुलिस ने दस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। देर रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
वहीं पीड़ित पक्ष के अनुसार डॉ अंबेडकर जयंती के अवसर पर कल चल समारोह निकल रहा था। उसमें तेज आवाज में डीजे पर युवक डांस कर रहे थे। उसी दौरान गांव के दूसरे पक्ष के लोगों ने डीजे की आवाज कम करने को कहा। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। चल समारोह के समापन के बाद जब लोग वापस लौट रहे थे, तब फिर विवाद शुरू हुआ और देखते देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।