Sunday, May 19, 2024

हिमाचल

मोदी का संकल्प पत्र पांच साल नहीं, 2047 का आईना

16 अप्रैल, 2024 12:25 PM

धर्मशाला: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संकल्प पत्र का लक्ष्य केवल पांच साल नहीं रखा है, बल्कि यह संकल्प पत्र 2047 के मजबूत भारत का आइना है। सोमवार को धर्मशाला पहुंचे जयराम ने कहा कि पीएम मोदी का लक्ष्य विकसित भारत है। देश भर को ध्यान रखते हुए संकल्प पत्र बनाया गया है। इस संकल्प पत्र को बनाने से पहले 15 लाख सुझाव पत्र पार्टी को मिले थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल का एक दशक पूरा किया है और अब अगले दशक की तरफ बढ़ रहा है। इसलिए यह बात कही जाती है कि मोदी की गारंटी 24 कैरेट सोना है। 2019 के चुनावों में जो संकल्प पत्र आया था, उसमें अधिंकाश कार्यों को पूरा किया गया है।

धारा 370 को हटाया गया है, राम मंदिर का निर्माण हुआ है, 80 करोड़ों गरीबों को राशन दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस की सरकार न के बराबर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रचंड बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में हार गई, तो यह कहना बेमानी नहीं होगा कि कांग्रेस सरकार अप्लमत है। इस मौके पर उनके साथ कांगड़ा से लोकसभा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज, सुधीर शर्मा, विधायक विपिन सिंह परमार, पवन काजल, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, उमेश दत, विश्व चक्षु आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे।

उम्मीद है चुनाव से पहले प्रत्याशी फाइनल कर लेगी कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास चुनावी मैदान में उतारने के लिए कोई सशक्त नेता ही नहीं बचा है। प्रदेश कमेटी जिस नाम का अनुमोदन कर हाइकमान को भेज रहा है, हाइकमान उसे रिजेक्ट कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फिर हमें उम्मीद है कि कांग्रेस चुनाव से पहले अपना प्रत्याशी जरूर फाइनल कर लेगी।

लखविंदर राणा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने नालागढ़ से पूर्व विधायक लखविंदर राणा को भाजपा का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इस अधिसूचना को भाजपा प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा द्वारा जारी किया गया। इससे अलावा भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के उपरांत शाश्वत कपूर, जो कि सांसद किशन कपूर के बेटे हैं, को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Have something to say? Post your comment