Sunday, May 19, 2024

हिमाचल

टिकटों पर जल्दबाजी नहीं, अभी लेट हैं चुनाव

25 अप्रैल, 2024 12:36 PM

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल में चुनाव अंतिम चरण में हैं। ऐसे में टिकटों पर बिना किसी जल्दबाजी के फैसला होगा। मुख्यमंत्री ने यह बात दिल्ली में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कही है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पूरे दमखम से चुनाव में उतरेगी। जीतने की क्षमता रखने वाले प्रत्याशियों का चयन होगा। इसके बाद ही टिकटें तय होंगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। यहां भी उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस टिकटें जल्द ही तय होंगी। तब तक समूची पार्टी कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर प्रचार करेगी। 15 महीने में सरकार ने जो काम किए हैं, उनके आधार पर कांग्रेस पदाधिकारी लोगों के बीच जाएंगे।

सत्ता पाने के लिए भगवान को भी चुनौती दे रहे जयराम

टीम — धर्मशाला, गगल

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को दिल्ली जाने से पूर्व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि वह तो सत्ता के लिए भगवान को भी चुनौती दे देते हैं। जयराम ठाकुर ने खुद कहा था कि कांग्रेस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते। जिस भगवान ने हमारी सरकार को बचाया, वही भगवान तथा जो हमारे विधायक चुनकर आएंगे, वही हमारी सरकार चलाएंगे। मुख्यमंत्री बुधवार को कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होने से पहले संवाददाताओं के सवालों का जबाव दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों को लेकर प्रचार में जुटी हुई है। केंद्र सरकार जनविरोधी नीतियों और जो कार्य प्रदेश में भाजपा ने किया, उसे हम जनता की अदालत में रख रहे हैं।

भाजपा ने धन के बल पर जो सत्ता की कुर्सी हथियाने की कोशिश की, यह चुनावों में हमारा मुख्य मुददा होगा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 15 माह में जो आम जनता के कार्य किए हैं, उसे जनता की अदालत में रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह बिके हुए विधायकों के बारे में नहीं बोलना चाहते, क्योंकि वे तो बिके हुए हैं। हम भाजपा की कुनीतियों को जनता के समक्ष रख रहे हैं।

नादौन प्रवास के उपरांत दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री

नादौन — लगातार दो दिनों तक नादौन प्रवास पर रहे मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार दोपहर गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को दिनभर वह यहां लोगों से मिलते रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी मुख्यमंत्री से मिलते रहे। सुक्खू ने उनसे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की पूरी फीडबैक ली। यही सिलसिला बुधवार दोपहर तक जारी रहा।

Have something to say? Post your comment