Sunday, May 19, 2024

हिमाचल

कांगड़ा और हमीरपुर की टिकटों पर फैसला कल

24 अप्रैल, 2024 11:00 AM

शिमला: लोकसभा की दोनों टिकटों पर कांग्रेस का महामंथन गुरुवार को दिल्ली में होगा। केंद्रीय चुनाव समिति की प्रस्तावित बैठक में हमीरपुर और कांगड़ा की सीटों पर फैसले की भी उम्मीद है। कांग्रेस ने प्रदेश में सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया है और रिपोर्ट हाइकमान को सौंप दी है। पार्टी हाइकमान ने दोनों सीटों पर सशक्त उम्मीदवार मैदान में उतारने का फैसला किया है। हमीरपुर की सीट पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उनकी बेटी आस्था और सतपाल रायजादा का नाम चर्चा में हैं, जबकि कांगड़ा में पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली समेत डा. राजेश शर्मा और आशा कुमारी चर्चा में हैं। केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहेंगे।


गौरतलब है कि पिछली बैठक में सतपाल रायजादा को सोनिया गांधी ने अनुराग ठाकुर के मुकाबले कमजोर प्रत्याशी माना था और इस सीट पर दमदार नेता को उतारने का पक्ष रखा था, जबकि आशा कुमारी के मामले में उनके चंबा से होने की वजह से ऑब्जेक्शन लगे थे। दरअसल कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में चंबा जिला भी शामिल है, लेकिन चंबा के केवल चार ही विधानसभा क्षेत्र संसदीय क्षेत्र में आते हैं। इसके बाद कांगड़ा से प्रत्याशी उतारने की पैरवी की गई थी। कांग्रेस कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में जातीय समीकरण साधने का भी प्रयास कर रही है। बहरहाल कांग्रेस भाजपा के सामने कांग्रेस बड़ा प्लान लेकर चुनाव में उतरने वाली है। हमीरपुर और कांगड़ा दोनों सीटों पर कमजोर प्रत्याशी नजर नहीं आएंगे।

आज दिल्ली जाएंगे सीएम

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे। मुख्यमंत्री सुबह साढ़े ग्यारह बजे नादौन से गगल के लिए रवाना होंगे और यहां से 1:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम हिमाचल सदन दिल्ली में होगा। इस बीच वे केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री 26 अप्रैल को वापस लौटेंगे। उनका 26 अप्रैल को डोडरा क्वार और पच्छाद का दौरा प्रस्तावित है। यहां सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे।

Have something to say? Post your comment