शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अयोध्या जाने के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं है। निमंत्रण मिले चाहे न मिले, भगवान राम के दर्शनों को यदि जाना हो तो वह जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रीराम हमारे आराध्य है और अयोध्या में राम मंदिर बनना अच्छी बात है। मुख्यमंत्री रविवार को राज्य सचिवालय में मीडिया से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और कामना की कि यह साल सबके जीवन में सुख शांति लाए। सीएम ने कहा कि इस साल आपदा के कारण हिमाचल में काफी नुकसान हुआ है।
वह उम्मीद करते है कि अगला साल हिमाचल के लिए समृद्धि लाने वाला होगा। हिमाचल में आपदा के कारण जितना नुकसान हुआ था। उसके बाद राज्य इस हादसे से उबर गया है। इस बार का टूरिज्म सीजन भी अच्छा गया है। राज्य सरकार ने राजधानी शिमला में पहली बार विंटर कार्निवल किया। अगले साल से विंटर कार्निवल को पांच जनवरी तक बढ़ाया जाएगा।
सरकार देगी हर सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों को हिमाचल सरकार हर तरह की सुविधा देने के लिए तैयार है। पुलिस को भी कहा गया है कि पर्यटकों का स्वागत अतिथियों की तरह ही किया जाए। राज्य में पेट्रोल-डीजल की गाडिय़ां अब कैबिनेट की अनुमति से ही खरीदी जा सकेंगी। उन्होंने अपने पहले बजट में हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने की घोषणा की थी और इस दिशा में यह कदम उठाया है