Sunday, May 19, 2024

राष्ट्रीय

24 घंटे में तय हो जाएंगे कांग्रेस के टिकट

03 मई, 2024 12:21 PM

 शिमला विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस बची तीनों सीटों पर जल्द ही प्रत्याशियों का फैसला कर सकती है। प्रत्याशियों के नामों को लेकर सभी दौर की चर्चा पूरी हो चुकी है। इस चर्चा के बाद जो लिस्ट तैयार हुई है, उसमें भाजपा के दो बागियों का नाम भी शामिल है और इन दोनों या किसी एक नाम पर सहमति बनने की संभावना भी है। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो 24 घंटे में टिकट का फैसला दिल्ली से हो सकता है। भाजपा से बगावत करने वाले धर्मशाला से राकेश चौधरी टिकट की रेस में आखिर तक बने हुए हैं। यहां दूसरा नाम कांग्रेस के ही अपने चेहरे देवेंद्र जग्गी का है। राकेश चौधरी और कांग्रेस की टिकट के बीच देवेंद्र जग्गी खड़े हो गए हैं। लाहुल-स्पीति में कांग्रेस की नजर भाजपा से छिटके रामलाल मार्कंडेय पर है।

रामलाल मार्कंडेय भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं और अब उन्हें कांग्रेस में लाकर टिकट देने की तैयारी है। हालांकि यहां कांग्रेस के पदाधिकारी लगातार मार्कंडेय के कांग्रेस में आने का विरोध कर रहे हैं। इन पदाधिकारियों को मनाने का एक प्रयास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने किन्नौर दौरे के दौरान ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में प्रत्याशी को नहीं, बल्कि कांग्रेस के चुनाव चिह्न को वोट देने की बात कही है।

बागियों को टिकट देने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी

कांग्रेस के अंदर भाजपा से छिटके बागियों को टिकट देने से हलचल मची हुई है। अब तक तीन उपचुनाव में टिकटों का फैसला हुआ है और इनमें से दो टिकटें भाजपा से अलग हुए नेताओं को ही दी गई हैं। इनमें सुजानपुर में रणजीत सिंह राणा और गगरेट में राकेश कालिया को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में दो और नाम भाजपा के ही नेताओं के इस लिस्ट में शामिल हो जाते हैं, तो कांग्रेस के लिए यह नुकसानदायक हो सकता है और इसे देखते हुए हाइकमान को फीडबैक भी प्रदेश से दिया गया है। इन दो सीटों के अलावा तीसरा फैसला बड़सर में होना है। यहां कांग्रेस महिला प्रत्याशी शर्मिला पटियाल को मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस उपचुनाव के लिए तीनों सीटों पर प्रत्याशियों का चयन प्रक्रिया पूरी कर चुकी है। देखना यह है कि टिकट के लिए कांग्रेस की कतार में आखिरी पायदान में जा पहुंचे भाजपा के बागियों में से किसे टिकट मिलता है।

Have something to say? Post your comment

और राष्ट्रीय खबरें