Sunday, May 19, 2024

हिमाचल

2019 में टूटा मतदान का रिकॉर्ड, इसे हुआ फायदा

25 अप्रैल, 2024 12:37 PM

शिमला: हिमाचल में बंपर वोटिंग ने 2019 में लोकसभा चुनाव में तमाम रिकॉर्ड धाराशायी कर दिए थे। प्रदेश में बढ़े मत प्रतिशत का सबसे बड़ा फायदा भाजपा को हुआ और पार्टी के वोट बैंक में भारी इजाफा देखने को मिला था। मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे वोटरों में से 69 फीसदी ने भाजपा को वोट किया, तो महज 27 फीसदी मतदाता कांग्रेस की तरफ गए। 2019 में प्रदेश भर में 53 लाख 30 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से करीब 72 फीसदी ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में भाजपा को 16.11 फीसदी वोटों का फायदा हुआ था, जबकि कांग्रेस को 13.70 फीसदी का बड़ा नुकसान 2014 के मुकाबले उठाना पड़ा। इस बार चुनाव आयोग ने प्रदेश में मतदान के प्रतिशत को 80 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य रखा है और बंपर वोटिंग होती है, तो इसका बड़ा असर भाजपा को फायदे के रूप में देखने को मिल सकता है।

2014 की बात करें तो उस समय मतदान करीब 64 फीसदी रहा था। सबसे ज्यादा मतदान हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में दर्ज किया गया था। यहां 66.94 फीसदी वोट पड़े थे। इनमें से चार लाख 48 हजार 35 वोट भाजपा, जबकि तीन लाख 49 हजार 632 वोट कांग्रेस को मिले थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश में चारों सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई थी। हालांकि 2019 के आम चुनाव के ठीक बाद 2021 में हुए मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस को बढ़त बनाने का मौका मिला था। मंडी उपचुनाव में 57.98 फीसदी मतदान हुआ था। इस दौरान कांग्रेस के वोट बैंक में 23.55 फीसदी वोट शेयर की बढ़ोतरी हुई थी। प्रतिभा सिंह कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवार थीं और उन्हें 49.23 फीसदी वोट मिले थे, जबकि भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को 48.05 फीसदी वोट मिल पाए थे।

भाजपा को मंडी उपचुनाव में 20.70 फीसदी वोट शेयर का नुकसान उठाना पड़ा था। कांग्रेस ने 1.18 फीसदी के अंतर से मंडी संसदीय सीट पर धमाकेदार जीत दर्ज की थी। बीते दो लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढऩे का सीधा फायदा भाजपा को मिला है, जबकि 2021 में मंडी के उपचुनाव में कम मतदान कांग्रेस को फायदा पहुंचा गया था।

2014 लोकसभा चुनाव

संसदीय क्षेत्र मतदान प्रतिशत भाजपा कांग्रेस
कांगड़ा 799445 63.52 456163 286091
मंडी 726094 63.12 362824 322968
हमीरपुर 835205 66.94 448035 349632
शिमला 737756 63.97 385973 301786

2019 लोकसभा चुनाव

कांगड़ा 1006989 70.55 725218 247595
मंडी 963148 73.60 647189 241730
हमीरपुर 992087 72.83 682692 283120
शिमला 915149 72.68 606183 278668
मंडी उपचुनाव 753566 57.98 356650 365650

Have something to say? Post your comment